चंडीगढ़ | हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) में हुए 225.51 करोड़ रुपये के घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने नरवाना के पूर्व जजपा विधायक रामनिवास सुरजाखेड़ा, तत्कालीन वरिष्ठ अधिकारी सुनील कुमार बंसल सहित पाँच लोगों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी है।
जांच में सामने आया कि 2015 से 2019 के बीच चंडीगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक की एक गुप्त शाखा से करीब 70 करोड़ रुपये चुनिंदा पार्टियों को ट्रांसफर किए गए। यह खाता एचएसवीपी के किसी आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं था, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह पूरा खेल गुपचुप तरीके से चल रहा था।
ईडी के मुताबिक, इस फर्जी खाते का इस्तेमाल सरकारी धन के गबन के लिए किया गया। आंतरिक जांच में मामला खुलने के बाद सुरजाखेड़ा और बंसल की संलिप्तता सामने आई। दोनों को ईडी ने दो महीने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।