झज्जर | झज्जर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 97 किलोग्राम गांजा और अंतर्राज्यीय गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से एक स्कॉर्पियो वाहन भी बरामद किया गया। उन्हें कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया।
पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि सीआईए इंस्पेक्टर विवेक मलिक के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। तलाशी के दौरान स्कॉर्पियो में भरा नशीला पदार्थ बरामद हुआ। पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह माल उड़ीसा से लाया गया था और झज्जर तथा आसपास के जिलों में सप्लाई होना था। गिरोह पहले भी तीन बार उड़ीसा से तस्करी कर चुका है।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी खतरनाक है। रोहित उर्फ भीमा, सतपाल उर्फ काला, साहिल उर्फ मुस्सा, मोहित उर्फ पाशा और विकास उर्फ विक्की पर हत्या, लूटपाट, चोरी और अवैध हथियार रखने समेत दर्जनों मामले हैं।
पुलिस ने अदालत में आरोपियों को पेश किया। सतपाल और साहिल को 6 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया, जबकि बाकी 3 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया। इस मामले में उड़ीसा के कोरापुट जिले के भास्कर को भी गिरफ्तार किया गया है, जो गिरोह को नशीला पदार्थ सप्लाई करता था। भास्कर पर उड़ीसा में हत्या और लूट के 3 मामले दर्ज हैं।