रेवाड़ी | रेवाड़ी सिविल अस्पताल में गुरुवार दोपहर जच्चा-बच्चा कक्ष की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, लेकिन किसी बड़ी दुर्घटना से मरीज सुरक्षित रहे। घटना के समय कमरे में छह महिलाएं मौजूद थीं, जिन्हें तुरंत दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह घटना दोपहर डेढ़ बजे हुई। छत का हिस्सा महिला के पास गिरते ही अफरा-तफरी मच गई। नर्सिंग स्टाफ ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन को सूचित किया और सभी मरीजों को सुरक्षित स्थान पर फर्स्ट फ्लोर में स्थानांतरित किया गया। अस्पताल में डिलीवरी के लिए अधिक महिलाओं की संख्या के कारण ग्राउंड फ्लोर के इस कक्ष में भी मरीज रखे गए थे।
परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि ऐसे कमरे में मरीज रखना खतरनाक था। इस मामले में सिविल अस्पताल के पीएमओ डॉ. सुरेंद्र यादव ने बताया कि गिरे प्लास्टर से किसी को चोट नहीं लगी। सभी मरीज सुरक्षित हैं और घटना के बाद उन्हें तुरंत दूसरे कक्ष में शिफ्ट कर दिया गया।