Mandi, Dharamveer
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर मंडी जिले के टकोली स्थित टोल प्लाजा को एक महीने के लिए अस्थाई रूप से बंद कर दिया गया है। डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने परिस्थितियों का आकलन करने के बाद टोल वसूली रोकने के आदेश जारी किए।
कारगिल युद्ध के हीरो और भाजपा नेता ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाते हुए केंद्र व राज्य सरकार, एनएचएआई और जिला प्रशासन को पत्र लिखकर मांग की थी कि बरसात से सड़क की हालत खराब होने के कारण लोगों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं, ऐसे में टोल वसूली अनुचित है।सोशल मीडिया और मीडिया में भी चालकों व राहगीरों ने इस पर आपत्ति जताई थी। मांग के बाद डीसी मंडी ने आदेश जारी कर टोल वसूली एक महीने के लिए रोक दी।
ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर ने निर्णय के लिए केंद्र और राज्य सरकार, एनएचएआई, जिला प्रशासन और पूर्व सीएम जयराम ठाकुर का आभार जताते हुए कहा, “जब तक सड़क की हालत सुधर नहीं जाती, टोल वसूली नहीं होनी चाहिए।”