Dharamshala, Rahul
बारिश के बीच धर्मशाला के पुलिस मैदान में 79वां जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कृषि व पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार चौधरी ने ध्वजारोहण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। परेड में हिमाचल पुलिस, होम गार्ड्स की महिला व पुरुष टुकड़ियां, तथा एनसीसी के छात्र-छात्राएं शामिल रहे।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को देशभक्ति से भर दिया। समारोह से पूर्व शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और वीर सपूतों एवं स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश वीरभूमि है और यहां के जवान अपने साहस व पराक्रम के लिए देशभर में प्रसिद्ध हैं।समारोह में उप सचेतक केवल सिंह पठानिया, उपायुक्त हेमराज बैरवा, पुलिस अधीक्षक अशोक रतन सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।