Mandi, Dharamveer
मंडी के सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वतंत्रता दिवस संबोधन सुनने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि पीएम मोदी ने लगातार 12वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को नया विकास विजन दिया है। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित हिमाचल, जम्मू-कश्मीर और उत्तराखंड के प्रति प्रधानमंत्री की चिंता उनके संवेदनशील नेतृत्व को दर्शाती है।
जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री द्वारा घोषित प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना को युवाओं के लिए बड़ा अवसर बताया। एक लाख करोड़ रुपये के बजट और निजी क्षेत्र में रोजगार पर युवाओं को 15 हजार रुपये की सहायता देने के फैसले को उन्होंने बेरोजगारी दूर करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम कहा।उन्होंने दीपावली के दौरान होने वाले जीएसटी सुधार, सेमीकंडक्टर निर्माण में आत्मनिर्भरता की दिशा में नई पहल और देश की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सुदर्शन चक्र मिशन की शुरुआत का स्वागत किया। ऑपरेशन सिंदूर के संदर्भ में सेना के वीर जवानों को याद करने पर उन्होंने कहा कि इससे सेना का मनोबल और देशवासियों का गर्व दोनों बढ़ा है।