Chamba, Manjur
चंबा जिला की चुराह विधानसभा क्षेत्र में मणिमहेश यात्रा की तर्ज पर शुरू होने जा रही खुंडी मराल और डल झील धार्मिक यात्रा को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रास्तों को बेहतर बनाने के लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय तीसा को सख्त निर्देश जारी किए गए हैं।
पहाड़ी इलाका होने के कारण प्रशासन ने पहले से ही सभी विभागों को अलर्ट मोड पर ला दिया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की दिक्कतों का सामना न करना पड़े। इस पूरी यात्रा व्यवस्था में ग्रामीण पंचायती राज विभाग अहम भूमिका निभाएगा, वहीं पुलिस और स्वास्थ्य विभाग भी सुरक्षा व चिकित्सा सेवाओं को सुनिश्चित करेंगे।
उपमंडल चुराह के एसडीएम अंकुर ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रशासन ने यात्रा को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी हैं। विशेष तौर पर ग्रामीण पंचायती राज विभाग को रास्तों की स्थिति सुधारने और सफाई व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को भी आदेश दिए गए हैं कि वे सुरक्षा और चिकित्सा सेवाओं पर पूरी तरह ध्यान दें, ताकि श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।