Mandi, Dharamveer
,मंडी सदर से भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने प्रदेश सरकार पर खेलों के प्रति गंभीर न होने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मंडी में बनने वाले इनडोर स्टेडियम की फाइलें अधिकारियों की लापरवाही के कारण अटकी हुई हैं और उन्हें “लड़-झगड़कर” मंजूरी दिलवानी पड़ रही है।
अनिल शर्मा ने बताया कि वे इस स्टेडियम को रघुनाथ का पधर क्षेत्र में बनवाना चाहते हैं, लेकिन इसके लिए स्वास्थ्य विभाग की जमीन को खेल विभाग के नाम ट्रांस्फर नहीं किया जा रहा। साथ ही निजी भूमि अधिग्रहण के लिए करीब डेढ़ करोड़ रुपये की आवश्यकता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ अधिकारी इस पूरे मामले को गंभीरता से नहीं ले रहे।उन्होंने कहा कि विधानसभा सत्र के दौरान वे शिमला में मुख्यमंत्री से इस विषय पर मिलकर जमीन ट्रांस्फर का मामला उठाएंगे। यदि सरकार ने इस दिशा में सहयोग नहीं किया तो मजबूरन स्टेडियम का निर्माण पड्डल मैदान में करवाना पड़ेगा।
केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना
अनिल शर्मा ने बताया कि यह प्रोजेक्ट केंद्र सरकार की खेलो इंडिया योजना के तहत भेजा गया है। करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस इनडोर स्टेडियम में बैडमिंटन, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज सहित विभिन्न इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक ढांचा तैयार किया जाएगा।उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने के बाद मंडी में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं का आयोजन संभव हो सकेगा, जिससे मंडी को खेलों के क्षेत्र में नई पहचान मिलेगी। लेकिन इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारने के लिए प्रदेश सरकार का सहयोग बेहद जरूरी है।