20 August, 2025
फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री की नई फिल्म ‘द बंगाल फाइल्स’ ट्रेलर रिलीज के साथ ही विवादों में घिर गई है। कोलकाता में आयोजित इवेंट में अचानक ट्रेलर को रोक दिया गया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। निर्देशक का कहना है कि उन्हें पहले से इस तरह की मुश्किलों का अंदेशा था।
फिल्म के लिए किया गया गहन रिसर्च
निर्माता विवेक अग्निहोत्री, अभिनेत्री पल्लवी जोशी और सह-निर्माता अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि यह फिल्म “जीने के अधिकार” जैसे गंभीर मुद्दे पर आधारित है। विवेक ने खुलासा किया कि फिल्म बनाने से पहले उन्होंने न केवल सर्वाइवर्स से बातचीत की बल्कि करीब 18,000 पन्नों का डेटा इकट्ठा किया। उनका दावा है कि भारत में किसी भी निर्देशक ने अब तक इतना बड़ा रिसर्च कार्य नहीं किया है।
रिसर्च टीम पर दबाव, होटल में नजरबंद
निर्देशक ने एक पुराना किस्सा साझा करते हुए बताया कि जब उनकी टीम रिसर्च के लिए बंगाल पहुंची थी, तब उन्हें दो दिनों तक होटल में बंद रखा गया। विवेक के मुताबिक, सत्ता पक्ष ने साफ कर दिया था कि वे ‘द बंगाल फाइल्स’ को राज्य में एंट्री और प्रमोशन की अनुमति नहीं देंगे।
ट्रेलर लॉन्च पर हंगामा
कोलकाता में आयोजित ट्रेलर लॉन्च इवेंट के दौरान भारी हंगामा हुआ। विवेक के अनुसार, पुलिस की अनुमति के बावजूद कार्यक्रम को बीच में रोक दिया गया और जिस स्क्रीन पर ट्रेलर दिखाया जा रहा था, उसका तार तक काट दिया गया। इस घटना के बाद विवेक और उनकी पत्नी पल्लवी जोशी ने मीडिया के सामने कई गंभीर सवाल उठाए।