करनाल | करनाल नेशनल हाइवे पर स्थित एक बड़े गाड़ी स्पेयर पार्ट्स वेयरहाउस में शुक्रवार तड़के अचानक लगी आग से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते लपटों ने पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना पाकर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
वेयरहाउस कर्मचारी पवन ने बताया कि सुबह करीब 3:30 बजे चौकीदार ने धुआं उठता देखा और तुरंत घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश किया और तेजी से आग बुझाने का काम शुरू किया।
गाड़ियों के स्पेयर पार्ट्स से भरे इस वेयरहाउस में आग लगने से करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस और दमकल विभाग मामले की विस्तृत जांच कर रहे हैं और नुकसान का सही आंकलन किया जा रहा है।