फतेहाबाद | फतेहाबाद के गांव चांदपुरा में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय हरप्रीत सिंह उर्फ फौजी की मौत हो गई। हरप्रीत पंजाब के मानसा जिले के कुलरिया गांव से बाइक पर अपने घर लौट रहा था, तभी जाखल क्षेत्र के पास एक तेज़ रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही दम तोड़ गया।
सूचना मिलने के बाद जाखल पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए टोहाना सिविल अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया, लेकिन गांव में लगे सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की गई। जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर तुड़ी से बरकर की ओर आ रहा था और चालक ने घटना के बाद सबूत मिटाने की कोशिश की। ग्रामीणों की मदद से आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। हादसे के समय ट्रैक्टर पर दो लोग सवार थे, जिनमें से एक अभी भी फरार है।
हरप्रीत अपने परिवार में सबसे बड़े बेटे थे। पिता अमरीक सिंह रेहड़ी लगाकर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उनके छोटे भाई गुरमीत सिंह और पढ़ाई कर रही बहन हैं। रोजाना पांच किलोमीटर दूर शीशे की दुकान पर काम करने वाले हरप्रीत की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।