नई दिल्ली | गोल्ड और सिल्वर ज्वेलरी खरीदने वालों के लिए राहत की खबर है। शुक्रवार (22 अगस्त) को सोने-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना 0.16 फीसदी टूटकर 99,276 रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी 0.04 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ 1,13,658 रुपए प्रति किलोग्राम पर रही।
दिल्ली के सर्राफा बाजार का हाल
राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में गुरुवार को सोने की कीमत में उछाल देखने को मिला। यहां 99.9% शुद्धता वाला सोना 600 रुपए चढ़कर 1,00,620 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। वहीं 99.5% शुद्धता वाला सोना 500 रुपए बढ़कर 1,00,200 रुपए प्रति 10 ग्राम (सभी कर सहित) पर रहा।
विशेषज्ञों के अनुसार, बीते सत्र में सोने की कीमत तीन सप्ताह के निचले स्तर तक गिर गई थी, जिसके बाद निवेशकों ने सौदेबाज़ी की खरीदारी शुरू कर दी। यही वजह रही कि गुरुवार को सोने में तेजी देखने को मिली।
सोना खरीदते समय बरतें सावधानी
विशेषज्ञों का कहना है कि निवेशक हमेशा BIS (ब्यूरो ऑफ इंडियन स्टैंडर्ड) का हॉलमार्क लगा हुआ सर्टिफाइड गोल्ड ही खरीदें। सोने पर 6 अंकों का हॉलमार्क कोड होता है जिसे HUID (Hallmark Unique Identification Number) कहा जाता है। यह अल्फ़ान्यूमेरिक होता है, जैसे – AZ4524। इसी से पता चलता है कि सोना कितने कैरेट का है और उसकी शुद्धता कितनी है।