मुंबई | हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स 531.50 अंक टूटकर 81,469.21 अंक पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 160.15 अंक लुढ़ककर 24,923.60 अंक पर आ गया।
आईटी और बैंकिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनियों—एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, एशियन पेंट्स, आईटीसी, टीसीएस और एनटीपीसी के शेयरों में सबसे ज्यादा दबाव देखने को मिला। हालांकि महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, बजाज फाइनेंस और एलएंडटी ने बाजार को थोड़ी राहत दी और मुनाफे में रहे।
एशियाई बाजारों में मिश्रित रुख रहा। चीन का शंघाई कम्पोजिट, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त में रहे, जबकि जापान का निक्की 225 नुकसान में बंद हुआ।
अमेरिकी बाजार भी बीते दिन गिरावट के साथ बंद हुए थे। इस बीच, ब्रेंट क्रूड 0.18% गिरकर 67.56 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने हालांकि खरीदारी का रुख बनाए रखा और गुरुवार को 1,246.51 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे।