साहनेवाल | साहनेवाल के विधानसभा हलका साऊथ स्थित गांव जुगियाना में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक महिला ने गुरुद्वारा साहिब परिसर में अचानक अपने कपड़े उतार दिए। बताया जा रहा है कि महिला लंबे समय से गुरुद्वारा साहिब में लगे स्पीकर की तेज़ आवाज़ से परेशान थी।
सूत्रों के अनुसार, महिला ने प्रबंधक कमेटी से कई बार आग्रह किया था कि सुबह-शाम होने वाले पाठ की आवाज़ को कम किया जाए, लेकिन उसकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया। इसी नाराज़गी में महिला ने गुस्से में आकर गुरुद्वारा साहिब में दाखिल होते ही अपने कपड़े उतार फेंके।
इस अप्रत्याशित घटना से पूरे गुरुद्वारा परिसर में हड़कंप मच गया। वहां मौजूद लोगों ने तुरंत इसकी सूचना गुरुद्वारा कमेटी को दी। घटना गुरुद्वारा में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी रिकॉर्ड हो गई है।
मामले की जानकारी मिलते ही गुरुद्वारा प्रबंधन और ग्रामीणों ने स्पीकर से अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया। इसके बाद ग्रामीणों ने इकट्ठा होकर इस घटना पर चर्चा की और आगे की कार्रवाई पर विचार किया।