बहादुरगढ़। शनिवार सुबह झज्जर रोड स्थित त्रिवेणी स्कूल के पास एक अवैध पीवीसी गोदाम में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेज थी कि उठता धुआं दूर-दूर तक नजर आया। हादसे में लाखों रुपये का प्लास्टिक और रबर का कबाड़ जलकर राख हो गया।
आग की चपेट में गोदाम के साथ लगे दो कार वर्कशॉप आने ही वाले थे। खतरे को देखते हुए वहां खड़ी गाड़ियों को तुरंत बाहर निकालना पड़ा। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए गए।
फायर ब्रिगेड अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि प्लास्टिक और रबर के कबाड़ के कारण आग तेजी से फैल रही थी। उन्होंने यह भी कहा कि जिला प्रशासन ने पहले ही सभी अवैध पीवीसी गोदामों को हटाने के आदेश दिए थे, लेकिन इसके बावजूद शहर में कई जगह ये गोदाम चल रहे हैं। ऐसे गोदामों पर अब सख्त कार्रवाई की जाएगी।