हमीरपुर | राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के विभन्न विभागों के लगभग 26 छात्रों को सत्र 2025-2026 के प्लेसमेंट सेशन में लाखों के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है। सेशन की शुरुआत में बीटेक कम्प्यूटर साइंस दो छात्रों को एटलसियन कंपनी में सालाना 68-68 लाख का पैकेज मिला है। बता दें कि प्लेसमेंट सेशन की शुरूआत 15 दिन पहले हुई थी।
जानकारी के मुताबिक कम्प्यूटर साइंस विभाग के दो छात्रों को ऑस्ट्रेलियाई-अमरीकी सॉफ्टवेयर कंपनी एटलसियन में 68-68 लाख के पैकेज पर, एक स्टूडेंट को डी शॉ में 58 लाख के पैकेज पर, एक छात्र को सेल्सफोर्स में 44 लाख के पैकेज पर, दो छात्रों को क्विजिज में 42.42 लाख के पैकेज पर, जबकि दो छात्रों को मैथ्स वर्क में 31.31 लाख के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है।
इसके अलावा एक को जेपी मॉर्गन में 19.75 लाख के पैकेज पर, 11 छात्रों को वेल्स फार्गो में 24 लाख के पैकेज पर और छह छात्रों को एक्सेंचर में 12 लाख के पैकेज पर प्लेसमेंट मिला है। एनआईटी की रजिस्ट्रार डा. अर्चना संतोष नानोटी ने बताया कि अभी प्लेसमेंट सत्र की शुरुआत है। एनआईटी हमीरपुर विद्यार्थियों के शैक्षणिक जीवन और पेशेवर दुनिया के बीच एक सेतु का काम कर रही है। प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट अधिकारी डा. सोमेश कुमार शर्मा ने आने वाले समय में भी सत्र 2025-26 के लिए शानदार प्लेसमेंट प्रोफाइल की उम्मीद जताई है ।
एनआईटी की रजिस्ट्रार अर्चना संतोष नानोटी ने कहा कि प्लेसमेंट सेल काफी शानदार काम कर रहा है और एनआईटी हमीरपुर का प्लेसमेंट इंडेक्स 92.63 फीसदी रहा था। उन्होंने बताया कि संस्थान में ऐसे कई विभाग हैं, जहां प्लसेमेंट प्रतिशतता 100 फीसदी तक रही है। बीते वर्ष मैकेनिकल इंजीनियरिंग में उच्चतम कैंपस प्लेसमेंट पैकेज 2.04 करोड़ था। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस वर्ष यह और बेहतर होगा।