Mandi, Dharamveer
जिला मंडी में लगातार हो रही बारिश के कारण चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे एक बार फिर से बंद हो गया है। बीती रात से पंडोह से लेकर औट तक कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आईं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। हाईवे बंद होने से औट और पंडोह के बीच सैकड़ों वाहन फंस गए हैं और यात्री घंटों से जाम में फंसे हुए हैं।
मलबा हटाने का काम शुरू
एनएचएआई और लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मौके पर तैनात है और मलबा हटाने का कार्य जारी है। लेकिन लगातार हो रही बारिश राहत कार्यों में मुश्किलें खड़ी कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम अनुकूल रहा तो दोपहर या शाम तक हाईवे आंशिक रूप से बहाल किया जा सकता है।
कटौला मार्ग भी बंद
कुल्लू-मनाली के लिए वैकल्पिक कटौला मार्ग भी कन्नौज के पास सड़क धंसने के चलते कई दिनों से बंद है। कन्नौज में सड़क धंसाव इतना अधिक है कि फिलहाल इसे खोलने की संभावना नज़र नहीं आ रही। बारिश के बीच वहां बहाली का कार्य लगभग असंभव हो गया है।
ऐसे में कुल्लू-मनाली की कनेक्टिविटी केवल नेशनल हाईवे पर ही निर्भर है। जब तक यह मार्ग नहीं खुलता, तब तक पर्यटकों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ेगी.