फतेहाबाद। जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर पुलिस ने कड़ा रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने 30 अकाउंट धारकों और उनके 85 फॉलोअर्स के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 79(B) के तहत मुकदमा दर्ज किया है।
यह कार्रवाई एसपी सिद्धांत जैन के निर्देश पर गठित डिजिटल निगरानी टीम ने की। टीम के प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार ने उन अकाउंट्स को चिन्हित किया जो लगातार भड़काऊ, आपत्तिजनक और समाज विरोधी पोस्ट कर रहे थे। खास बात यह है कि केवल अकाउंट धारकों पर ही नहीं बल्कि उनके पोस्ट को लाइक, शेयर और कमेंट करने वालों पर भी केस दर्ज किया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, जिन अकाउंट्स पर कार्रवाई हुई उनमें कुख्यात बच्चों गैंग और बॉक्सर गैंग से जुड़े यूजर्स भी शामिल हैं।
एसपी की कड़ी चेतावनी
एसपी सिद्धांत जैन ने साफ कहा कि “सोशल मीडिया पर भी वही कानून लागू होते हैं, जो समाज में लागू हैं। कोई भी भ्रामक, विवादित या समाज को बांटने वाली सामग्री आगे न बढ़ाएं। पोस्ट करने से पहले सोचें, वरना बाद में पछताना पड़ सकता है।”