पानीपत | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी रविवार को वरिष्ठ अधिवक्ता रघुबीर सैनी के निधन पर शोक जताने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मनीषा की मौत के मामले पर बड़ा बयान दिया।
सीएम सैनी ने कहा कि मनीषा सिर्फ हमारे परिवार की नहीं, बल्कि पूरे हरियाणा की बिटिया थी। उनकी मौत पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है और अब वे संवेदनशील मामलों पर भी राजनीति करने से नहीं चूक रहे। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि सरकार मनीषा को न्याय दिलाने के लिए हर संभव कदम उठा रही है।
राहुल गांधी पर सीएम ने कटाक्ष करते हुए कहा कि वे कभी ईवीएम पर सवाल उठाते हैं, तो कभी संविधान का मुद्दा उठाकर जनता को गुमराह करने की कोशिश करते हैं, लेकिन हर बार नाकाम रहते हैं। अब वे वोट चोरी की बात कर रहे हैं, जबकि सच यह है कि कांग्रेस के समय में वोट चोरी होती थी। मोदी सरकार में चुनाव पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से हो रहे हैं।