25 August, 2025
भारतीय क्रिकेट के “दादा” और बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे। पहली बार किसी पेशेवर टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालने वाले गांगुली को प्रिटोरिया कैपिटल्स ने आगामी दक्षिण अफ्रीकी टी20 लीग (2026 सीज़न) के लिए अपना मुख्य कोच नियुक्त किया है। यह घोषणा टीम ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की।
गांगुली इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर जोनाथन ट्रॉट की जगह लेंगे, जिनके नेतृत्व में टीम पिछले सीज़न में 10 में से केवल 2 ही मैच जीत पाई थी। खराब प्रदर्शन के चलते ट्रॉट ने पद छोड़ा था।53 वर्षीय गांगुली पिछले साल से प्रिटोरिया कैपिटल्स की मूल कंपनी जेएसडब्ल्यू स्पोर्ट्स के क्रिकेट निदेशक के रूप में जुड़े हुए थे। साथ ही वह दिल्ली कैपिटल्स (आईपीएल और डब्ल्यूपीएल) के क्रिकेट निदेशक और मेंटर के रूप में भी काम कर चुके हैं।टीम ने इंस्टाग्राम पर गांगुली की नियुक्ति को लेकर कहा – “राजकुमार हमारे खेमे में राजसम लाने के लिए तैयार हैं! हमें सौरव गांगुली को अपना नया मुख्य कोच घोषित करते हुए बहुत खुशी हो रही है।”गौरतलब है कि गांगुली ने 2008 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद क्रिकेट प्रशासन और सलाहकार भूमिकाओं में सक्रिय रहते हुए बीसीसीआई अध्यक्ष, बंगाल क्रिकेट संघ अध्यक्ष और वर्तमान में आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति के अध्यक्ष के तौर पर भी काम किया है।
अब प्रिटोरिया कैपिटल्स को उम्मीद है कि गांगुली की अगुवाई में टीम अपने प्रदर्शन में सुधार करेगी। खिलाड़ियों की नीलामी 9 सितंबर को होगी और गांगुली खुद टीम के चयन और रणनीति में अहम भूमिका निभाएंगे।2026 का सीज़न 26 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक खेला जाएगा। विश्व कप को देखते हुए इस बार लीग का शेड्यूल पहले तय किया गया है।