नंगल | हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों में हो रही लगातार भारी बारिश का असर भाखड़ा डैम पर साफ दिख रहा है। डैम की गोविंद सागर झील में पानी का बहाव लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार शाम 6 बजे तक झील का जलस्तर 1669.98 फीट दर्ज किया गया, जो डैम की अधिकतम क्षमता 1680 फीट से अब सिर्फ 10 फीट ही कम है।
झील में सोमवार को करीब 87,795 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। जलस्तर बढ़ने के बाद डैम प्रबंधन ने टरबाइनों और फ्लड गेटों के जरिए नंगल डैम झील में 40,828 क्यूसेक पानी छोड़ा।
इसके अलावा नंगल हाइडल नहर में 12,350 क्यूसेक और श्री आनंदपुर साहिब हाइडल नहर में 10,150 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। वहीं सतलुज नदी में भी नंगल डैम से 21,150 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। भाखड़ा डैम का जलस्तर खतरे के निशान के बेहद करीब पहुंचने के कारण प्रशासन और स्थानीय लोग लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं।