मंडी | मंडी जिला के पनारसा के पास बनाला में फोरलने पर हुए भूस्खलन में गाड़ी और लोगों के दबे होने की सूचना को जिला प्रशासन मंडी ने एकमात्र अफवाह बताया है। बता दें कि बॉलीबुड अभिनेत्री व मंडी संसदीय क्षेत्र से सांसद कंगना रनौत सहित कुछ लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से बीती रात को बनाला हाईवे पर लैंडस्लाइड से जानमाल की हानि की पोस्ट शेयर की थी। लेकिन प्रशासन को अभी तक मौके पर इस तरह की घटना घटित होने के कोई भी साक्ष्य नहीं मिल पाए हैं।
सुबह-सुबह सोशल मीडिया पर इस तरह की अफवाह फैलने से जिला प्रशासन पर काफी ज्यादा दबाव बढ़ गया था। जिसके बाद दोपहर को डीसी मंडी अपूर्व देवगन ने जारी प्रेस बयान में इन अफवाहानों का खंडन किया। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने कहा है कि सोशल मीडिया पर कुछ व्यक्तियों द्वारा यह प्रचारित किया जा रहा है कि भूस्खलन की चपेट में लोग और वाहन आए हैं।
जबकि इस संबंध में अभी तक कोई साक्ष्य सामने नहीं आए हैं। डीसी ने बताया कि बीती रात लगभग साढ़े आठ बजे बनाला के पास पहाड़ी से भारी भूस्खलन हुआ था, जिसका मलबा नदी तक पहुंचा। आज सुबह तड़के ही मौके पर मलबा हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
एसडीएम बालीचौकी देवीराम और तहसीलदार लगातार घटनास्थल पर मौजूद हैं और कार्य की निगरानी कर रहे हैं। अब तक हटाए गए मलबे से किसी भी व्यक्ति या वाहन के दबने की कोई पुष्टि नहीं हुई है और न ही कोई प्रत्यक्षदर्शी सामने आया है। 2-3 घंटों में बचे हुए स्लाइड को भी साफ कर दिया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की है कि जब तक प्रशासन से कोई सत्यापित सूचना न मिले, तब तक इस तरह की अफवाहें न फैलाएं। उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस दिन-रात राहत एवं पुनर्बहाली कार्यों में लगे हुए हैं। उन्होंने यात्रियों से आग्रह किया कि रात के समय अनावश्यक यात्रा से परहेज करें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।