पंचकूला। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) ने कॉमन एलिजिबिलिटी टेस्ट (CET)-2025 के सफल आयोजन में असाधारण योगदान देने वाले पांच कर्मचारियों को विशेष प्रशस्ति पत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह बुधवार को आयोग मुख्यालय, पंचकूला में आयोजित किया गया।
आयोग के चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि CET जैसी विशाल परीक्षा का सफल आयोजन केवल टीम भावना, मेहनत और ईमानदारी से ही संभव हो पाया। उन्होंने बताया कि सम्मानित कर्मचारियों ने परीक्षा की हर प्रक्रिया में उत्कृष्ट निष्ठा और समर्पण का परिचय दिया, जो सभी के लिए प्रेरणादायक है।
सम्मानित कर्मचारियों में सोनीपत के स्पेशल पुलिस अधिकारी देवेंद्र कुमार और पवन कुमार, ईएसआई पद पर कार्यरत ऋषिपाल, पंचकूला में क्लर्क अमित कुमारी और रोहतक रोडवेज में क्लर्क सतीश कुमार शामिल रहे। इन सभी ने परीक्षा के दौरान अनुकरणीय कार्यशैली और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया।
चेयरमैन हिम्मत सिंह ने कहा कि उन्होंने व्यक्तिगत निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों की मेहनत को नजदीक से देखा और इसी वजह से उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही आयोग ने हर जिले के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी प्रशंसा पत्र जारी किया है और अपने अधीनस्थ कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि 26 और 27 जुलाई को CET परीक्षा का सफल आयोजन हुआ था, जिसमें 13 लाख 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इस परीक्षा को सुचारु रूप से सम्पन्न कराने में कर्मचारियों की मेहनत और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण रही। चेयरमैन ने बताया कि जल्द ही अन्य कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने इस परीक्षा को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।