सारण | समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) नेता तेजस्वी यादव के साथ ‘वोटर अधिकार यात्रा’ में शामिल हुए। खुली जीप पर सवार होकर तीनों नेताओं ने महागठबंधन के अन्य नेताओं संग जगह-जगह जुटी भीड़ का अभिवादन किया।
अखिलेश यादव से पहले द्रमुक नेता और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन समेत कांग्रेस शासित राज्यों के कई मुख्यमंत्री और वरिष्ठ नेता इस यात्रा का हिस्सा बन चुके हैं। कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने सोशल मीडिया पर लिखा, “लोकतंत्र की रक्षा के इस ऐतिहासिक आंदोलन में अखिलेश यादव का स्वागत है। वे भाजपा के इशारों पर लोकतंत्र के विनाश के खिलाफ हमेशा अडिग रहे हैं और गरीबों व वंचितों की मजबूत आवाज बने हैं।”
यात्रा का आज 14वां दिन है और यह चरण सोमवार को पटना में होने वाले ‘विशाल पैदल मार्च’ से पहले का आखिरी वाहन यात्रा वाला दिन है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी की 16 दिवसीय ‘वोटर अधिकार यात्रा’ 17 अगस्त को सासाराम से शुरू हुई थी और 1 सितंबर को पटना में पैदल मार्च के साथ समाप्त होगी। अब तक यह यात्रा 20 जिलों से होकर गुजर चुकी है, जिनमें रोहतास, औरंगाबाद, गया, नवादा, नालंदा, मुंगेर, कटिहार, पूर्णिया, दरभंगा, मुजफ्फरपुर और सीवान जैसे जिले शामिल हैं। सारण के बाद यात्रा भोजपुर जिले में पहुंचेगी।