रूपनगर | शहर में बीती रात आपसी रंजिश के चलते एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बस स्टैंड के पास स्थित एक कैफे में पांच युवकों ने घुसकर कैफे मालिक और उसके साथी पर गोलीबारी की और कृपाण से हमला कर दिया। इस हमले में कैफे मालिक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें से एक हमलावर भी शामिल है।
कैफे मालिक बलवंत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्त सुजैन शाह के साथ कैफे बंद करने की तैयारी कर रहे थे। तभी दो गाड़ियों में सवार युवक अंदर घुसे और उन पर रिवॉल्वर व कृपाण से हमला कर दिया। बलवंत के अनुसार, हमलावर धर्मवीर उर्फ राजा ने उन पर कृपाण से वार किया, जबकि विकास शर्मा उर्फ बिल्ला और वासु ने रिवॉल्वर से गोली चलाई, हालांकि वह बाल-बाल बच गए।
गोलीबारी की आवाज सुनकर आसपास लोग इकट्ठा हो गए, जिसके बाद हमलावर धमकियां देते हुए गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए। घटना में घायल बलवंत सिंह को तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल एक हमलावर को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया है।
बलवंत सिंह ने पुलिस से अपनी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की अपील की है। फिलहाल डीएसपी हरकीरत सिंह, थाना प्रभारी दानिशवीर सिंह और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुटी हुई है।