करनाल | केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल शनिवार को करनाल पहुंचे, जहां उन्होंने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर जमकर हमला बोला।
पत्रकारों द्वारा जब उनसे पूछा गया कि हुड्डा ने राज्य में घोटालों और सीएजी रिपोर्ट में सामने आई अनियमितताओं की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है, तो मनोहर लाल ने तंज कसते हुए कहा, “अगर हुड्डा बेरोजगार हो गए हैं, तो मैं उन्हें रोजगार दिलाने के लिए तैयार हूं।”
उन्होंने आगे कांग्रेस पर आरोप लगाया कि पार्टी सिर्फ अनावश्यक सवाल उठाकर जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष के आरोपों पर भी उन्होंने पलटवार किया और कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा, इसलिए उसके नेता बेवजह बयानबाजी कर रहे हैं।
मनोहर लाल ने दोहराया कि केंद्र और राज्य सरकार जनता के विकास और युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है, जबकि विपक्ष सिर्फ राजनीतिक लाभ लेने में जुटा है।