मध्यप्रदेश | मध्यप्रदेश में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार को भी तेज बारिश का सिलसिला जारी रहा, जिसके चलते कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए। इंदौर के यशवंत सागर डैम और नर्मदापुरम के तवा डैम के गेट खोलने पड़े, जिससे आसपास के इलाकों में पानी भर गया है। बड़वानी जिले के राजघाट गांव में तो हालात इतने बिगड़े कि पूरा गांव जलमग्न हो गया।
मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट
मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में एक मजबूत मानसून सिस्टम सक्रिय है। मानसून ट्रफ, साइक्लोनिक सर्कुलेशन और निम्न दबाव क्षेत्र की वजह से लगातार बारिश हो रही है। यह सिस्टम अगले 2-3 दिन और सक्रिय रह सकता है।
31 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश
IMD ने रविवार यानी 31 अगस्त को सीहोर, मुरैना, हरदा, देवास, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, सागर, गुना, सिवनी, मंडला, बालाघाट, श्योपुर, छतरपुर, दमोह, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और खंडवा जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट के तहत गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है।
1 सितंबर को भी बरसेगा पानी
1 सितंबर को अलीराजपुर, छतरपुर, रतलाम, सतना, झाबुआ, पन्ना और मैहर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूरे प्रदेश में हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी।