गुरदासपुर | पंजाब में बाढ़ के कहर के बाद अब स्वास्थ्य संकट गहराने की आशंका है। बाढ़ प्रभावित इलाकों में डायरिया, हैजा, डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों के फैलने का खतरा बढ़ गया है। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेशभर में हाई अलर्ट जारी कर दिया है और चिकित्सा दलों को राहत कार्यों में लगाया गया है।
गुरदासपुर के सिविल सर्जन डॉ. जसविंदर सिंह ने लोगों से अपील की है कि वे अपने और परिवार के स्वास्थ्य को लेकर सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी का पालन करने से कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है।
क्या बरतें सावधानियां?
- केवल उबला या क्लोरीनयुक्त पानी पिएं, पानी हमेशा ढके बर्तन में रखें।
- खाने से पहले साबुन और पानी से हाथ धोएं।
- बाढ़ के पानी में भीगा खाना बिल्कुल न खाएं।
- मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए घर के आसपास जमा पानी तुरंत हटा दें।
- बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मच्छरदानी का इस्तेमाल जरूर करना चाहिए।
- जलभराव वाले इलाकों में सुरक्षित जूते पहनकर ही निकलें।
डॉ. जसविंदर ने कहा कि यदि किसी को दस्त या उल्टी की शिकायत हो तो तुरंत ओआरएस का घोल लें और नजदीकी स्वास्थ्य शिविर या अस्पताल से संपर्क करें।
स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों में विशेष चिकित्सा दल भेजे जा रहे हैं ताकि समय पर इलाज और राहत पहुंचाई जा सके। विभाग ने लोगों से अपील की है कि बीमारी के किसी भी लक्षण को नजरअंदाज न करें और तुरंत चिकित्सा सहायता लें।