यमुनानगर | यमुनानगर के छौली गांव स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक अभिभावक शराब के नशे में स्कूल में घुस आया। आरोपी ने हाथ में धारदार हथियार लहराते हुए प्रिंसिपल पर जानलेवा हमला करने की कोशिश की और उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ डाले।
मौके पर मौजूद स्टाफ और छात्रों में हड़कंप मच गया। तुरंत सूचना मिलने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अभिभावक जसविंदर को पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि आरोपी का बेटा इसी स्कूल में पढ़ता है।
टीचर संजीव कुमार के अनुसार, जसविंदर शनिवार सुबह नशे की हालत में स्कूल आया और अचानक प्रिंसिपल पर हमला करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने उनकी कार के शीशे भी चकनाचूर कर दिए।
स्टाफ का कहना है कि जसविंदर पहले भी कई बार शिक्षकों को धमका चुका है। इस घटना के बाद से पूरे स्कूल में भय और तनाव का माहौल है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आगे की कार्रवाई जारी है।