31 August, 2025
कुरुक्षेत्र में आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का व्यस्त दौरा रहा। इस दौरान उन्होंने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया, पौधारोपण किया और राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित साइक्लोथॉन को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी सीधा हमला बोला।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज कुरुक्षेत्र पहुंचे जहां उन्होंने सबसे पहले “स्वच्छ कुरुक्षेत्र मेरा कुरुक्षेत्र, मेरा अभिमान” कार्यक्रम में भाग लिया। इस मौके पर उन्होंने श्रमदान करते हुए झाड़ू लगाई और पौधारोपण भी किया। सीएम ने “स्वच्छ कुरुक्षेत्र” वेबसाइट का शुभारंभ भी किया।इसके बाद सीएम सैनी ने राष्ट्रीय खेल दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित साइक्लोथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। वहीं गांव कलाल माजरा की बीसी चौपाल में उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की मन की बात कार्यक्रम को भी कार्यकर्ताओं के साथ सुना।पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के पास बोलने को कुछ नहीं होता तो वे प्रधानमंत्री मोदी की माता को गाली देने लगते हैं। सैनी ने कहा कि बिहार की पवित्र धरती – जहां बुद्ध, गुरु नानक देव और सीता माता का संबंध रहा है – की जनता चुनाव में इसका जवाब जरूर देगी।
इजरायली हमले में कई नेताओं और अधिकारियों की मौत पर भी सीएम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि युद्ध में बड़े-बड़े योद्धा भी धराशायी हो जाते हैं।महिलाओं के लिए घोषित ₹2100 की योजना पर सीएम ने कहा कि इसे 5 सितंबर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर लागू किया जाएगा। पहले चरण में एक लाख से कम आय वाली महिलाओं को इसका लाभ मिलेगा और धीरे-धीरे हरियाणा की सभी महिलाओं तक यह योजना पहुंचेगी। सैनी ने कांग्रेस और I.N.D.I.A गठबंधन पर वादाखिलाफी का आरोप लगाया और कहा कि हमने जो वादा किया था, उसे निभाकर दिखा रहे हैं।