Chamba, Manjur
हिमाचल प्रदेश के चम्बा ज़िले में प्राकृतिक आपदा ने लोगों के सिर से छत तक छीन ली है। भारी बारिश के बाद ज़मीन धंसने लगी, जिससे चुराह विधानसभा क्षेत्र के पटोलू और खलोग गांव में 17 से 20 परिवार बेघर हो गए हैं। कई मकान पूरी तरह टूट गए, जबकि कुछ मकानों में आई गहरी दरारों की वजह से लोग अपने घर छोड़ने को मजबूर हो गए। जिंदगी भर की कमाई को बर्बाद होते देख ग्रामीणों की आंखों में आंसू हैं। लोगों ने सरकार से गुहार लगाई है कि उन्हें कहीं दूसरी सुरक्षित जगह पर बसाया जाए।
पटोलू और खलोग गांव के लोग कह रहे हैं कि पिछले तीन–चार दिनों की लगातार बारिश ने उनका सब कुछ छीन लिया। न सिर्फ घर बल्कि गौशालाएं तक टूट गई हैं। जमीन धंसने से अब वहां रहना खतरे से खाली नहीं। ग्रामीणों की एक ही मांग है कि सरकार उन्हें किसी दूसरी सुरक्षित जगह पर शिफ्ट करे ताकि वे अपने परिवार की जान बचा सकें।भारी बारिश से हमारे घर और गौशाला सब टूटकर बर्बाद हो गए हैं। जगह–जगह बड़ी दरारें पड़ गई हैं, अब यहां रहना नामुमकिन है। हमारी सरकार से यही मांग है कि हमें किसी दूसरी जगह पर बसाया जाए, ताकि हम अपने बच्चों और परिवार को सुरक्षित रख सकें।