अंबाला | बिहटा गांव में सोमवार सुबह 8:30 बजे लगातार हो रही बारिश के बीच एक मकान की कच्ची छत अचानक ढह गई। हादसे के समय परिवार कमरे में बैठा था, तभी छत का गाटर टूटने से मलबा घर के अंदर गिर गया।
इस हादसे में 35 वर्षीय महिला सुखविंद्र कौर और उसके दो बच्चे—आठ वर्षीय बेटी अमनीत और चार वर्षीय बेटा समरीक—मलबे में दब गए। ग्रामीणों ने तुरंत शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और घायल परिवार को पास के निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को कैंट स्थित नागरिक अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
गांव के नंबरदार परमार ने बताया कि छत गिरने से घर का अधिकांश सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। फिलहाल, बारिश से बचाव के लिए घर पर तिरपाल डाल दिया गया है। साहा थाना पुलिस ने भी घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।