1 September, 2025
कांग्रेस की वोट अधिकार यात्रा को लेकर सियासी विवाद गहराता जा रहा है। बिहार में विपक्षी नेताओं राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी माता का अपमान करने का आरोप लगा है। भाजपा ने इस पर कड़ा विरोध जताया है और माफी की मांग की है।
भाजपा विधायक रणधीर शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव ने केवल प्रधानमंत्री का नहीं बल्कि उन 140 करोड़ देशवासियों का अपमान किया है, जिन्होंने मोदी को प्रधानमंत्री चुना है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के नेता अब भी मोदी के प्रधानमंत्री बनने की हकीकत को स्वीकार नहीं कर पा रहे।शर्मा ने चेतावनी दी कि बिहार की जनता सब देख रही है और समय आने पर जवाब देगी।उन्होंने बताया कि भाजपा ने प्रदेश भर में विरोध-प्रदर्शन का कार्यक्रम तय किया था, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे स्थगित करना पड़ा। शर्मा ने विपक्ष पर हमला करते हुए कहा कि जो नेता आपातकाल लगाने वाले परिवार से आते हैं, वे आज लोकतंत्र की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल संवैधानिक संस्थाओं और सेना का भी सम्मान नहीं करते।
भाजपा विधायक ने राहुल गांधी की वोट अधिकार यात्रा को पूरी तरह तथ्यहीन बताया। उन्होंने कहा कि ईवीएम पर सवाल उठाना विपक्ष की पुरानी आदत है, और अब अपनी हार का ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ने की कोशिश की जा रही है। शर्मा ने कांग्रेस को आत्मचिंतन की सलाह दी।