2 September, 2025
कॉमेडियन कीकू शारदा कुछ समय के लिए द ग्रेट इंडियन कपिल शो से गायब रहने वाले हैं। हाल ही में उनका और कृष्णा अभिषेक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद कयास लगाए जाने लगे कि इसी वजह से कीकू शो से हट गए हैं। हालांकि हकीकत कुछ और है।
क्यों लिया ब्रेक?
दरअसल, कीकू शारदा जल्द शुरू होने वाले रिएलिटी शो ‘राइज एंड फॉल’ का हिस्सा बनने जा रहे हैं। इस शो की शूटिंग बुधवार से शुरू हो रही है और इसी वजह से उन्होंने कपिल शर्मा के शो से ब्रेक लिया है। जब तक वह ‘राइज एंड फॉल’ के हाउस में रहेंगे, तब तक वह नेटफ्लिक्स के द ग्रेट इंडियन कपिल शो में नज़र नहीं आएंगे।
शो का कॉन्सेप्ट और स्टार कास्ट
‘राइज एंड फॉल’ को अशनीर ग्रोवर होस्ट करेंगे। शो का फॉर्मेट कुछ हद तक बिग बॉस जैसा है। इसमें इंडस्ट्री से जुड़े बड़े नामों को शामिल किया गया है ताकि दर्शकों की दिलचस्पी बनी रहे।
कन्फर्म कंटेस्टेंट्स में कीकू शारदा, अर्जुन बिजलानी, धनश्री वर्मा और कुबरा सैत शामिल हैं। कहा जा रहा है कि अशनीर खुद कास्टिंग पर पैनी नज़र रख रहे हैं और अब तक पांच कंटेस्टेंट्स को रिजेक्ट भी कर चुके हैं।
कहां देख सकेंगे दर्शक?
‘राइज एंड फॉल’ को अमेज़न एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीम किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक, शो का प्रमोशन शुरू हो चुका है और इसे जल्द ही लॉन्च किया जाएगा।