Mandi, Dharamveer
सुंदरनगर उपमंडल के जंगम बाग में मंगलवार शाम करीब 6 बजे बड़ा हादसा हो गया। पहाड़ी से अचानक भारी मात्रा में मलबा गिरने से दो घर मलबे की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो चुकी है।
अफरातफरी का माहौल
जैसे ही पहाड़ी से लैंडस्लाइड हुआ, मौके पर भगदड़ मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे। मलबे में दबे लोगों को तुरंत रेस्क्यू कर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान एक बच्ची और महिला की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य महिला का शव मलबे से निकाला गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
जानकारी के अनुसार, हादसे के समय पांच लोग मलबे में दब गए थे। मौके पर 3 जेसीबी मशीनें तैनात कर दी गई हैं और लगातार मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि मलबे के नीचे और कितने लोग फंसे हो सकते हैं।
प्रशासन और राहत कार्य
हादसे की सूचना मिलते ही डीसी मंडी अपूर्व देवगन, एसडीएम सुंदरनगर अमर नेगी, डीएसपी भारत भूषण सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। साथ ही क्यूआरटी टीम और एनडीआरएफ को भी बुलाया गया है। स्थानीय लोग भी राहत एवं बचाव कार्य में मदद कर रहे हैं।
विधायक का बयान
घटनास्थल पर पहुंचे विधायक राकेश जम्वाल ने बताया कि अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और दो और लोगों के दबे होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है और पीड़ित परिवारों को हरसंभव मदद दी जाएगी।