रेवाड़ी | हरियाणा की राजनीति इन दिनों तीखी बयानबाजी से गरमाई हुई है। कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा के निशाने के बाद अब इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला ने बड़ा पलटवार किया है। सोमवार को रेवाड़ी पहुंचे अभय चौटाला ने साफ कहा कि रोहतक में होने वाली रैली के बाद “किसी का नाम लेने वाला भी नहीं बचेगा।”
चौटाला ने कांग्रेस और बीजेपी दोनों पर एक साथ निशाना साधते हुए कहा कि बाप-बेटे ने मिलकर प्रदेश को तबाह कर दिया और दोनों ही सत्ताधारी दल की कठपुतली बन चुके हैं। उन्होंने दावा किया कि इनेलो न केवल बीजेपी को सत्ता से बाहर करेगी बल्कि कांग्रेस को भी दूर रखेगी। कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा – “काठ की हांड़ी बार-बार नहीं चढ़ती।”
इनेलो नेता ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि हरियाणा में रेप, अपहरण, फिरौती और हत्याओं जैसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। यहां पूरी तरह जंगलराज का माहौल है और सरकार नाम की कोई व्यवस्था नहीं बची। मुख्यमंत्री और मंत्री केंद्र के इशारों पर चलते हैं और स्वतंत्र निर्णय लेने की स्थिति में नहीं हैं।
दरअसल, अभय चौटाला रेवाड़ी की जाट धर्मशाला में कार्यकर्ताओं से मिलने और 25 सितंबर को ताऊ देवीलाल की जयंती पर रोहतक में होने वाली इनेलो की बड़ी रैली के लिए न्योता देने पहुंचे थे।