Shimla, 3 September
चंबा के भरमौर मणिमहेश में अभी भी करीब 700 श्रद्धालु फंसे हुए हैं। हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इन श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालने के लिए केंद्रीय रक्षा मंत्री से मदद मांगी है। उन्होंने एयरफोर्स से 6 हेलीकॉप्टर उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है, ताकि सभी यात्रियों को जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर लाया जा सके।
बुधवार को मुख्यमंत्री सुक्खू ने सचिवालय में आपदा से हुए नुकसान की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के डीसी और एसपी से ऑनलाइन फीडबैक लिया और विशेष रूप से चंबा जिले के हालात पर चर्चा की।मुख्यमंत्री ने बताया कि आज हेलीकॉप्टर के ज़रिए 70 यात्रियों को निकाला गया है और चार शवों को एयरफोर्स के मि-17 हेलीकॉप्टर से पठानकोट भेजा गया। उन्होंने कहा कि भरमौर से ऊपर फंसे श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी इस समय भरमौर में मौजूद हैं और सैटेलाइट फोन के माध्यम से लगातार जानकारी साझा कर रहे हैं। सीएम ने सड़क मार्ग दुरुस्त करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए हैं। सरकार की ओर से यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए भोजन और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।