चंडीगढ़ | हरियाणा में इस बार मानसून ने सामान्य से 47 प्रतिशत ज्यादा बारिश बरसाई है। तेज़ बारिश ने जहां लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं, वहीं कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। मौसम विभाग ने महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम और फरीदाबाद में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में अगले दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
बाकी जिलों में कुछेक स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, मानसून की टर्फ बीकानेर, जयपुर, दातिया, सिद्धि, झारसुगुडा और पुरी होते हुए उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय है।
विशेषज्ञों का कहना है कि दक्षिण हरियाणा में बना साइक्लोनिक सर्कुलेशन और नमी वाली हवाएं बारिश को और बढ़ावा दे रही हैं। हालांकि, 4 से 6 सितंबर के बीच मानसून की गतिविधियों में थोड़ी कमी आने की संभावना है।