भिवानी | भिवानी में मनीषा मौत मामले की जांच अब सीबीआई ने अपने हाथों में ले ली है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की घोषणा के केवल 13 दिन बाद बुधवार को सीबीआई की पांच से छह सदस्यीय टीम दिल्ली नंबर की दो गाड़ियों से भिवानी पहुंची। यहां रेस्ट हाउस में ठहरने के बाद टीम ने सबसे पहले सीआईए प्रथम के इंचार्ज से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी जुटाई।
फिलहाल सीबीआई अधिकारियों ने न तो जिला प्रशासन और न ही पीड़िता के परिजनों से मुलाकात की है। जांच एजेंसी जल्द ही भिवानी पुलिस से केस से जुड़ी पूरी फाइल लेगी और फिर मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच करेगी। माना जा रहा है कि सीबीआई सीन रिक्रिएट कर इस रहस्यमयी मौत की गुत्थी सुलझाने की कोशिश करेगी।
बता दें कि बीते रविवार को सीबीआई अधिकारियों ने फोन पर मनीषा के पिता संजय से बात कर भिवानी आकर जांच का भरोसा दिया था। गौरतलब है कि 12 अगस्त को लोहारू थाने में मनीषा के लापता होने की एफआईआर दर्ज हुई थी और अगले दिन 13 अगस्त को सिंघानी नहर के पास उसका शव बरामद हुआ था।