Mandi, Dharamveer
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से मंडी जिला आपदा की मार झेल रहा है। अब जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत नेर घरवासड़ा पंचायत का कुंडूनी गांव धंसने की कगार पर पहुंच गया है। हालात की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन 15 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट कर दिया है।
गांव में जगह-जगह सड़कों, डंगों और मकानों में बड़ी-बड़ी दरारें आ चुकी हैं। कई घर और गोशालाएं भूस्खलन की चपेट में आने की सूचना मिली है। एक गोशाला के मलबे में दबने से एक गाय की मौत हो गई।प्रशासन व पुलिस की टीमें मौके पर तैनात हैं। प्रभावित परिवारों का सामान निकालकर उन्हें बस्सी स्थित बिजली बोर्ड के खाली पड़े भवनों में ठहराया जा रहा है। लोग अपने जरूरी सामान और मवेशियों को साथ लेकर घर छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।
मौके पर पहुंचे एसडीएम पधर सुरजीत सिंह हालात का जायजा ले रहे हैं। वहीं, स्थानीय कांग्रेसी नेता जीवन ठाकुर भी राहत कार्यों में जुटे हुए हैं। ठाकुर ने प्रभावित परिवारों की हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि स्थिति की जानकारी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी फोन पर दी गई है। गौरतलब है कि प्रदेश में बीते ढाई महीनों से जारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा। रविवार को सुंदरनगर के जंगम बाग में हुई भूस्खलन की घटना के बाद अब जोगिंद्रनगर का कुंडूनी गांव प्रशासन के लिए नई चुनौती बनकर उभरा है।