भिवानी | भिवानी जिले की 19 वर्षीय लेडी टीचर मनीषा की संदिग्ध मौत मामले में अब परिवार को CBI जांच की उम्मीद है। मंगलवार को परिजन हरियाणा बैरागी समाज के राज्य प्रधान शिव कुमार पंवार के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनके आवास संत कबीर कुटीर पर मिले। यह मुलाकात करीब आधे घंटे चली।
मुख्यमंत्री ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि जांच पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। उन्होंने कहा— “मनीषा हमारी बेटी थी, उसे न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। मामला CBI को सौंपा गया है और एक विशेष अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे।”
परिवार ने रखी मांगें
बैठक में मनीषा के पिता संजय कुमार, दादा राजकुमार और मामा संदीप मौजूद रहे। इसके अलावा बैरागी समाज के पदाधिकारी भी साथ थे। परिजनों ने CBI जांच में तेजी लाने और आर्थिक सहायता की मांग की।
CBI का पहला संकेत
परिवार के अनुसार, मंगलवार सुबह CBI अधिकारियों का फोन आया जिसमें बुधवार से जांच शुरू करने की जानकारी दी गई। हालांकि, टीम के आने की तारीख को लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटनास्थल पर खतरा
13 अगस्त को सिंघानी गांव के खेतों में मनीषा का शव मिला था। लेकिन अब घटनास्थल पर बारिश का पानी भर गया है, जिससे सबूत नष्ट होने की आशंका है। हालांकि, पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर रखा है।