हिसार | शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन और रोडवेज विभाग ने मिलकर बड़ा कदम उठाया है। अब हिसार बस स्टैंड के पिछले गेट से सिरसा और चंडीगढ़ समेत कई रूटों की बसें चलाई जाएंगी। इस नई व्यवस्था से जहां यात्रियों को जाम से राहत मिलेगी, वहीं उनकी जेब पर भी अतिरिक्त बोझ पड़ने वाला है।
दो चरणों में लागू होगी योजना
रोडवेज महाप्रबंधक राहुल मित्तल ने बताया कि पहले चरण में करीब 600 बसें पिछले गेट से चलाई जाएंगी। दूसरे चरण में और 600 बसें इसी रास्ते से चलेंगी। इस फेज में दिल्ली, पानीपत और जींद रूट की बसें भी शामिल होंगी। अधिकारियों का कहना है कि इस बदलाव से मुख्य सड़कों पर जाम की समस्या काफी हद तक कम हो जाएगी।
यात्रियों के लिए बदली हुई किराया लिस्ट
रूट लंबा होने से किराए में बढ़ोतरी की गई है।
- हिसार से सिरसा : 105 से बढ़कर 110 रुपये
- हिसार से सिरसा (एसी) : 315 से बढ़कर 325 रुपये
- हिसार से उकलाना : 60 से बढ़कर 65 रुपये
- हिसार से फतेहाबाद : 50 से बढ़कर 55 रुपये
- हिसार से अग्रोहा : 25 से बढ़कर 30 रुपये
- हिसार से बरवाला : 45 से बढ़कर 50 रुपये
- हिसार से आदमपुर : 45 से बढ़कर 50 रुपये
लंबा रास्ता, थोड़ा ज्यादा किराया
नई व्यवस्था में सिरसा रूट करीब 4 किलोमीटर और चंडीगढ़ रूट लगभग 6 किलोमीटर लंबा हो गया है। यही वजह है कि किराए में मामूली बढ़ोतरी की गई है।
इन रूटों पर भी होगा संचालन
इस बदलाव के तहत सिरसा, चंडीगढ़, शिमला, पॉटा साहिब, गंगानगर, बठिंडा, हनुमानगढ़, डबवाली, फतेहाबाद, अनूपगढ़, बालसमंद, भादरा, खारिया, डोबी, सरसाना, बासड़ा, बुड़ाक, बगला, काबरेल और आदमपुर रूट की बसें भी पिछले गेट से संचालित होंगी।