4 September, 2025
नालंदा जिले के राजगीर में चल रहे हॉकी एशिया कप के सुपर-4 चरण में भारत और दक्षिण कोरिया के बीच रोमांचक मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। पूरे मैच में उतार-चढ़ाव देखने को मिला, लेकिन अंत तक कोई भी टीम निर्णायक गोल नहीं कर सकी।
भारतीय टीम की ओर से पहला गोल हार्दिक ने दागा। इसके बाद कोरिया ने लगातार दो गोल कर बढ़त बना ली। जुगराज सिंह की गलती से मिले पेनाल्टी स्ट्रोक को कोरियाई टीम ने गोल में बदलते हुए स्कोर बराबर किया और फिर पेनाल्टी कॉर्नर पर बढ़त हासिल कर ली।लंबे समय तक पिछड़ने के बाद आखिरी क्वार्टर में मनदीप सिंह ने गोल कर भारत को 2-2 की बराबरी पर ला दिया। अंतिम मिनटों में दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन मुकाबला ड्रॉ रहा।हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम अब तक टूर्नामेंट में अजेय बनी हुई है। पूल-ए के मुकाबलों में भारत ने चीन, जापान और कजाकिस्तान को हराया था। सुपर-4 में अब सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी और शीर्ष दो टीमें फाइनल में पहुंचेंगी।भारत का अगला मैच 4 सितंबर को मलेशिया से होगा, जो फाइनल में जगह बनाने की उसकी संभावनाओं के लिए बेहद अहम होगा।