हिसार | हिसार जिले के अग्रोहा थाना क्षेत्र के फ्रांसी गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मकान से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज भेज दिया। मृतका की पहचान जींद निवासी पूनम (शादीशुदा) के रूप में हुई है।
कैसे हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, हिसार निवासी 45 वर्षीय कुलदीप करीब पांच दिन पहले अपनी प्रेमिका पूनम को फ्रांसी गांव स्थित किराए के मकान में लेकर आया था। पूनम के गुमशुदा होने की रिपोर्ट उसके परिजनों ने जींद थाने में दर्ज कराई थी। मंगलवार शाम कुलदीप ने अपनी प्रेमिका की हत्या कर मकान बंद कर दिया और गांव मंगाली लौट गया। अगले ही दिन बुधवार को वह अपने घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद उसका शव परिजनों को सौंप दिया।
मकान मालिक को आई बदबू से खुला राज
गुरुवार को बारिश रुकने के बाद मकान मालिक जब अपने मकान को देखने पहुंचा तो भीतर से तेज दुर्गंध आई। संदेह होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया और तुरंत पुलिस को सूचना दी। दरवाजा तोड़ने पर अंदर से महिला का शव मिला।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने बताया कि प्राथमिक जांच में महिला की हत्या की पुष्टि हुई है। हालांकि हत्या की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है।