कैथल | हरियाणा के कैथल के रहने वाले युवक की अमेरिका में रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की मां ने बेटे की पत्नी और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर रोते हुए एक वीडियो जारी कर न्याय की गुहार लगाई है।
कैसे हुआ पूरा घटनाक्रम
वीडियो में मां ने बताया कि उनका बेटा विकास तीन साल पहले करीब 80 लाख रुपये खर्च कर पत्नी और बेटी के साथ अमेरिका गया था। वहां वह नौकरी करने लगा और सब कुछ सामान्य था। इसी बीच विकास की पत्नी की मुलाकात फतेहपुर के सोनू नामक युवक से हुई।
सोनू ने घर आना-जाना शुरू कर दिया और ‘भाई-बहन’ का रिश्ता बनाकर राखी भी बंधवाई, लेकिन मां का आरोप है कि यह महज दिखावा था। धीरे-धीरे दोनों के बीच नाजायज संबंध बन गए।
धमकियों से लेकर हत्या तक
आरोप है कि सोनू अक्सर विकास को धमकाता था। मां ने बताया कि एक दिन जब विकास नौकरी पर गया हुआ था, तो सोनू उसकी पत्नी और बेटी को कार में अपने साथ ले गया। इसके बाद विकास बेहद परेशान रहने लगा और बेटी को वापस पाने की कोशिश करता रहा।
मां का कहना है कि सोनू, काशी और गुरमीत ने मिलकर विकास के सिर पर हमला किया। वह नौ दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझता रहा और आखिरकार उसकी मौत हो गई।
मां की अपील
रोते हुए मां ने कहा कि उनके बेटे को इंसाफ दिलाया जाए और पोती को उन्हें सौंपा जाए। उन्होंने समाज से आरोपियों के सामाजिक बहिष्कार की मांग भी की। साथ ही उन्होंने बेटे का पार्थिव शरीर भारत लाकर जन्मभूमि में अंतिम संस्कार करवाने की अपील की है। आर्थिक तंगी के कारण उन्होंने लोगों से मदद की गुहार भी लगाई है।