Mandi, Dharamveer
हिमाचल प्रदेश इन दिनों सदी की सबसे बड़ी प्राकृतिक आपदा का सामना कर रहा है। मंडी और कुल्लू जिलों में हालात बेहद गंभीर बने हुए हैं। वीरवार सुबह कुल्लू के अखाड़ा बाजार में हुए दर्दनाक हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए अभिनव सांख्यान को एम्स बिलासपुर रेफ़र किया गया।
मौसम खराब होने के कारण हेलीकॉप्टर उड़ान संभव नहीं थी। ऐसे में सड़क मार्ग ही एकमात्र विकल्प बचा। लेकिन चंडीगढ़-मनाली नेशनल हाईवे जगह-जगह लैंडस्लाइड के कारण बंद पड़ा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एनएचएआई ने जोखिम उठाकर रिकॉर्ड समय में हाईवे बहाल किया।मरीज को सुरक्षित और समय पर पहुंचाने के लिए 40 मशीनें, दो एंबुलेंस और एक एस्कॉर्ट व्हीकल मौके पर तैनात किए गए। मलबा हटाने के दौरान दो मशीनों पर पत्थर भी गिरे, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। एनएचएआई की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए सड़क को चालू किया और दोपहर 2 बजे कुल्लू से निकली एंबुलेंस शाम 5 बजे एम्स बिलासपुर पहुंच गई।
इस दौरान पूर्व सीएम और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रशासन, एनएचएआई और एम्स से लगातार संपर्क बनाए रखा और सराहनीय कार्य के लिए सभी को बधाई दी।घायल अभिनव की मौसी डिम्पल शर्मा ने भी एनएचएआई, प्रशासन और जयराम ठाकुर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समय पर हाईवे न खुलता तो मरीज को बचाना मुश्किल हो जाता।