सोनीपत | तहसील और पीडब्ल्यूडी विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध में आज शहरवासियों और समाजसेवियों ने अनोखे अंदाज में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बैंड-बाजे के साथ सरकार का पुतला अर्थी के रूप में सजाकर कंधों पर उठाया और छोटूराम धर्मशाला से लघु सचिवालय तक जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शनकारी संजय ने आरोप लगाया कि पीडब्ल्यूडी विभाग में शायद ही कोई सड़क ऐसी हो, जहां भ्रष्टाचार न हुआ हो। वहीं तहसील में बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। इसी भ्रष्टाचार के खिलाफ आज यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि अधिकारियों ने जल्द सख्त कार्रवाई नहीं की, तो आने वाले समय में आंदोलन को और बड़ा रूप दिया जाएगा।