नई दिल्ली | भारत और अमेरिका के संबंधों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच एक अहम खबर सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस बार संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की बैठक में हिस्सा नहीं लेंगे। उनकी जगह भारत का प्रतिनिधित्व विदेश मंत्री एस. जयशंकर करेंगे।
संयुक्त राष्ट्र महासभा का 80वां सत्र 9 सितंबर से शुरू होगा, जबकि 23 से 29 सितंबर तक उच्चस्तरीय बैठकें होंगी। इस दौरान कई देशों के शीर्ष नेता वैश्विक मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
ट्रंप भी देंगे भाषण
बैठक की शुरुआत परंपरा के मुताबिक ब्राजील के संबोधन से होगी। इसके बाद अमेरिका की बारी होगी, जहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 23 सितंबर को महासभा को संबोधित करेंगे। भारत की ओर से विदेश मंत्री एस. जयशंकर 27 सितंबर को भाषण देंगे।
पीएम मोदी का नाम पहली सूची में था
गौरतलब है कि जुलाई में जारी शुरुआती सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम भी शामिल था। उस समय तय किया गया था कि वे 26 सितंबर को महासभा को संबोधित करेंगे। हालांकि, अब संशोधित सूची में उनकी जगह विदेश मंत्री एस. जयशंकर का नाम दर्ज है। फिर भी, यह सूची अंतिम नहीं मानी जा रही है और इसमें आगे बदलाव की संभावना बनी हुई है।