7 September, 2025
भारतीय पुरुष कंपाउंड तीरंदाजी टीम ने विश्व तीरंदाजी चैंपियनशिप 2025 में इतिहास रच दिया। ऋषभ यादव, अमन सैनी और प्रथमेश फुगे की तिकड़ी ने फ्रांस को हराकर पुरुष टीम स्पर्धा में भारत का पहला स्वर्ण पदक जीत लिया।
फाइनल में भारतीय टीम ने शुरुआत में 57-59 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और फ्रांस की पांचवीं वरीयता प्राप्त टीम (निकोलस गिरार्ड, जीन फिलिप बौल्च और फ्रेंकोइस डुबोइस) को 235-233 से मात दी। इस शानदार जीत के साथ भारत ने पहली बार कंपाउंड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
सफर रहा रोमांचक
दूसरी वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने इस टूर्नामेंट में अपने चारों मुकाबले पिछड़ने के बाद पलटे।
- पहले दौर में बाई मिलने के बाद, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को शूट-ऑफ में 232(30)-232(28) से हराया।
- क्वार्टरफ़ाइनल में अमेरिका को 234-233 से हराया।
- सेमीफ़ाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त तुर्किये को 234-232 से हराकर फाइनल में जगह बनाई।
वहीं, शीर्ष वरीयता प्राप्त दक्षिण कोरिया को क्वार्टरफ़ाइनल में स्लोवेनिया ने चौंकाते हुए बाहर कर दिया।
मिश्रित टीम में रजत
भारत को कंपाउंड मिश्रित टीम स्पर्धा में भी पदक हासिल हुआ। ऋषभ यादव और ज्योति सुरेखा वेन्नम की जोड़ी ने रजत पदक जीता। खास बात यह है कि यह इवेंट लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 में पदार्पण करेगा।
ऋषभ यादव का शानदार डेब्यू
23 वर्षीय ऋषभ यादव ने अपने पहले ही विश्व चैंपियनशिप में बेहतरीन प्रदर्शन किया। उन्होंने क्वालीफिकेशन में 709 अंकों के साथ आठवां स्थान प्राप्त किया और मिश्रित स्पर्धा में भी दमदार खेल दिखाया।