चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने फोर्टिस अस्पताल में भर्ती पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से भेंट की और उनका स्वास्थ्य हाल जाना। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री सैनी ने पंजाब में बाढ़ से उत्पन्न हालात की जानकारी ली और हरियाणा सरकार की ओर से हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा, “बाढ़ की इस कठिन स्थिति में हरियाणा, पंजाब के साथ खड़ा है। हरियाणा सरकार और राज्य के लोग इस संकट की घड़ी में पंजाब के साथ हैं।” मुख्यमंत्री सैनी ने भगवंत मान के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की और उम्मीद जताई कि पंजाब में हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे।
भगवंत मान की तबीयत और घटनाक्रम
जानकारी के अनुसार, 2 सितंबर को मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाढ़ प्रभावित फिरोजपुर का दौरा किया था। इसके बाद 3 सितंबर की रात उनकी तबीयत बिगड़ गई। 4 सितंबर को आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल उन्हें देखने चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पहुंचे।
स्वास्थ्य संबंधी समस्या के कारण भगवंत मान को अरविंद केजरीवाल के साथ प्रस्तावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा रद्द करना पड़ा। 5 सितंबर की शाम को उनकी स्थिति गंभीर होने पर उन्हें मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसी कारण 6 सितंबर को प्रस्तावित पंजाब कैबिनेट की बैठक को भी स्थगित कर दिया गया।